मान्यता प्राप्त विद्यालयों द्वारा निर्गत टीसी पर काउंटर साइन की बाध्यता समाप्त हो
मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जारी हो
नीलम ब्यूरो, दैनिक अक्षय मेल समाचारपत्र रायबरेली
मान्यता प्राप्त विद्यालयों में नए प्रवेश के समय अभिभावकों से शिक्षा विभाग द्वारा काउंटर साइन की हुई टीसी की बाध्यता समाप्त किए जाने की समस्या को लेकर रायबरेली स्कूल्स मैनेजर एसोसिएशन की तरफ से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री आनंद प्रकाश शर्मा को ज्ञापन पत्र सौंपा गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची जारी की जाए जिससे नए प्रवेश के समय शिक्षा विभाग द्वारा जारी काउंटर साइन स्थानांतरण प्रमाण पत्र की बाध्यता न रहे। एसोसिएशन के संरक्षक अरविन्द श्रीवास्तव, एडवोकेट ने वर्तमान समय को डिजिटल और इंटरनेट का बताते हुए कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को यू-डाइस कोड अलॉट किए गए हैं, जिन विद्यालयों को यू-डाइस कोड मिल चुके हैं उन विद्यालयों के द्वारा निर्गत की गई टी. सी. को ही सभी विद्यालयों को मान्यता दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को दूसरे स्कूल में स्थानांतरित करते हैं, ऐसे में यदि सभी बच्चों की टी. सी., काउंटर साइन के लिए शिक्षा विभाग जाएगी तो विद्यालयों के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कार्य का बोझ अनावश्यक रूप से बढ़ेगा। एसोसिएशन के पदाधिकारी शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने सुझाव देते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग को हिंदी और अंग्रेजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची मैनुअल रूप से भी जारी करनी चाहिए तथा विद्यालयों को उपलब्ध भी कराना चाहिए जिससे अभिभावकों के साथ-साथ मान्यता प्राप्त विद्यालयों को भी धोखाधड़ी से बचाया जा सके। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एसोसिएशन द्वारा दिए गए ज्ञापन पत्र एवं सुझाव पर गंभीरता पूर्वक विचार करने के बाद आश्वस्त किया कि इस संबंध में शीघ्र ही समस्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों को निर्देश जारी किए जाएंगे। इस मौके पर संतोष सिंह, दिनेश मिश्रा, आलोक शर्मा, अमित श्रीवास्तव, सत्येंद्र उपाध्याय आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ