रैंडम के नाम पर मेरिट का कत्ल! ECCE भर्ती में धांधली का आरोप, अभ्यर्थियों का फूटा गुस्सा
अभय प्रताप यादव जिला ब्यूरो।
अक्षय मेल समाचार अमेठी। बेसिक शिक्षा विभाग की ईसीसीई शिक्षक भर्ती में बड़ा खेल सामने आया है। 130 पदों के लिए 4104 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, लेकिन विभाग ने मेरिट को ताक पर रखकर महज 390 लोगों की रैंडम सूची जारी कर दी। चार अक्टूबर को इन्हीं 390 का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू होगा।
सूची जारी होते ही हंगामा मच गया। सैकड़ों मेधावी अभ्यर्थी सूची से बाहर हैं। आरोप है कि अधिक अंक वालों को दरकिनार कर कम अंक वालों को रैंडम के नाम पर मौका दे दिया गया।
अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
अभ्यर्थी *रेखा मिश्रा* ने कहा, "यह रैंडम लिस्ट हमारे साथ धोखा है। जब 4104 ने परीक्षा दी है तो कटऑफ मेरिट पर बननी चाहिए, लॉटरी सिस्टम पर नहीं।"
वहीं *लक्ष्मी मिश्रा* ने कहा, "शैक्षिक योग्यता और अंकों के आधार पर मेरिट बने, जुगाड़ से नहीं। हम मांग करते हैं कि 4 अक्टूबर की प्रक्रिया रोकी जाए और नए सिरे से पारदर्शी सूची जारी हो।"
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि अगर मेरिट के आधार पर चयन नहीं हुआ तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
0 टिप्पणियाँ