सीडीओ ने ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी की भीषणता व बढ़ते तापमान एवं गिरते भू-जल स्तर पर अधिकारियों को दिये उचित दिशा निर्देश
दैनिक अक्षय मेल समाचार रायबरेली
नीलम ब्यूरो
रायबरेली 16 अप्रैल, 2020
मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल ने ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्या के त्वरित निदान के लिए समस्त खण्ड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशाषी अभियंता जल निगम को निर्देश दिये है कि जनपद ग्रामीण क्षेत्रों में आगामी गर्मी की भीषणता, बढ़ते तापमान एवं गिरते भू-जल स्तर के कारण कई स्थानों पर पेयजल की गम्भीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। इस हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता/आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने की अपरिहार्यता को दृष्टिगत रखते हुए वर्तमान में अधिष्ठापित इण्डिया मार्क- द्वितीय हैण्डपम्प एंव पाइप पेयजल योजनाओं के क्रियाशील बनाये रखने की नितान्त आवश्यकता है, जिससे ग्रामीण जनता को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल सतत् रूप से उपलब्ध हो सके। उक्त परिस्थितियों से सम्बन्धित कारणों एवं समस्याओं का तत्काल प्रभावी ढंग से निराकरण किया जाना नितान्त आवश्यक है, ताकि जनसामान्य को पेयजल की उपलब्धता सतत् रूप से बनी रहें। इस कार्य के लिए आपके फील्ड स्तरीय अधिकारियों को न केवल दक्षता एवं कुशलता के साथ कार्य करना है, जनसामान्य की पेयजल की आवश्यकता के प्रति सजग एवं संवेदनशील रहने की नितान्त आवश्यकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े इण्डिया मार्क हैण्डपम्पों में से जिन हैण्डपम्पों को सामान्य मरम्मत द्वारा क्रियाशील कराया जा सकता है, उन्हें तीन दिवस के अन्दर ठीक कराया जाये तथा तकनीकी परीक्षण में जिन हैण्डपम्पों का रिबोर कराया जाना अपरिहार्य पाया जाता है उन्हें ग्राम पंचायत द्वारा नियामानुसार यथाशीघ्र रिबोर कराकर क्रियाशील कराया जाये जिससे पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो पाये। ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप पेयजल योजनाओं से जलापूर्ति से सम्बन्धित सभी टंकियों की तत्काल सफाई करवाकर उन्हें क्रियाशील रखते हुए स्वच्छ जल की आपूर्ति करायी जाये। पाइप लाइन के जरियें हो रही जलापूर्ति के दौरान कई स्थानों पर वाटर लीकेज होने से बहुमूल्य पेयजल बरबाद होता है, जिसके कारण समुचित जलापूर्ति ग्राम में नही हो पायी है, जिसे तत्काल रोकने के प्रभावी उपाय अधिशाषी अभियन्ता जल निगत द्वारा किये जाये। जनपद में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्या के त्वरित निदान हेतु खण्ड स्तरीय प्रशासनिक मशीनरी को 24 घण्टे एलर्ट रखा जाये ताकि पेयजल की समस्या के समाधान हेतु मशीनरी सक्रिय रूप से कार्यवाही सुनिश्चित कर सके। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म ऋतु में पेयजल समस्या की सूचना ग्रामीण जनता से प्राप्त कर लें एवं प्राप्त सूचना के आधार पर पेयजल समस्या के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है जो अपने कार्यालय में कन्ट्रोल रूम की स्थापना कराते हुए कन्ट्रोल रूम का नम्बर प्रसारित कर प्राप्त शिकायतों की पंजिका तैयार की जायेगी जिसमें प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण का अंकन सुनिश्चित किया जायेगा। कन्ट्रोल रूम का मोबाइल नम्बर 8318042294 है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशों का सर्वोच्च प्राथमिकता पर कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए समयान्तर्गत कार्यवाही सुनिश्चित की जाये जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के दिनों में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो।

0 टिप्पणियाँ