अक्षय मेल समाचार अमेठी। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन को बेहतर बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने ऐतिहासिक योजना तैयार की है। अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण खंड अमेठी रमेश चंद्र ने बताया कि जगदीशपुर, तिलोई, बाजार शुकुल, इन्हौना, सिंहपुर, बहादुरपुर, जायस, जामो सहित जिले के अन्य इलाकों में कुल 486 नई सड़कों* का निर्माण होगा। इन सड़कों की कुल लंबाई 490 किलोमीटर होगी और इन पर *436 करोड़ 48 लाख रुपये* की लागत आएगी।
रमेश चंद्र ने बताया कि सिर्फ सड़कें ही नहीं, बल्कि कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए *34 करोड़ रुपये की लागत से 102 नए सेतु* भी बनाए जाएंगे। छोटे नालों, नदियों और नहरों पर बनने वाले इन सेतुओं से बरसात में टूटने वाली कच्ची संपर्क सड़कों की समस्या खत्म हो जाएगी। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों को अस्पताल ले जाने और किसानों को मंडी तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।
श्री रमेश चंद्र ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देगी। नई सड़कें और सेतु बनने से दूरी कम होगी, वाहनों का संचालन आसान होगा और ईंधन की बचत होगी। जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र और तिलोई-जायस जैसे बाजारों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
अधिशाषी अभियंता ने बताया कि सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। निर्माण में स्थानीय सामग्री और मजदूरों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे रोजगार भी सृजित होंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्धारित समय में काम पूरा कर जनता को यह सौगात जल्द से जल्द समर्पित की जाए।
0 टिप्पणियाँ