अमेठी में थाना प्रभारियों का पहला प्रशासनिक फेरबदल,कुछ को नई जिम्मेदारी।लंबे समय से “मलाईदार” माने जाने वाले थानों पर तैनात कुछ प्रभारियों पर अब भी है कप्तान की कृपादृष्टि।

अमेठी में थाना प्रभारियों का पहला प्रशासनिक फेरबदल,कुछ को नई जिम्मेदारी।
लंबे समय से “मलाईदार” माने जाने वाले थानों पर तैनात कुछ प्रभारियों पर अब भी है कप्तान की कृपादृष्टि।
अभय प्रताप यादव।                                                जिला संवाददाता।
 अमेठी । कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है, जिसे जिले की पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, पीपारपुर थाने के प्रभारी राम पांडेय को अमेठी कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है।वहीं, अमेठी कोतवाली के प्रभारी रवि सिंह को जिला मुख्यालय गौरीगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गौरीगंज कोतवाली के प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा को पीपारपुर थाने का प्रभार दिया गया है।
इसी क्रम में एएचटीयू प्रभारी रामराज कुशवाहा को रामगंज थाने की कमान सौंपी गई है। महिला थाना प्रभारी कंचन सिंह तथा भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना प्रभारी तनुज कुमार पाल, जिनका गैर जनपद तबादला पहले ही हो चुका था, उन्हें औपचारिक रूप से रिलीव कर दिया गया है। वहीं, रामगंज थाना प्रभारी कृष्ण मोहन सिंह को साइडलाइन किए जाने की चर्चा है।
नई नियुक्तियों में दीप शिखा सिंह को महिला थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि अजयेंद्र पटेल को भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस व्यापक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था में कसावट लाने और थानों की कार्यशैली में सुधार के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि लंबे समय से “मलाईदार” माने जाने वाले थानों पर तैनात कुछ प्रभारियों पर अब भी कप्तान की कृपा बनी हुई है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि कुछ थाना प्रभारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वे लंबे समय से एक ही थाने पर जमे हुए थे। हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ