जिला पूर्ति अधिकारी ने सर्वसाधारण को अवगत कराया है कि माह-मई 2023 में होने वाले नियमित खाद्यान्न के वितरण हेतु 10 मई 2023 से 22 मई 2023 तक की तिथि निर्धारित की गयी थी, किन्तु जनपद के कुछ ब्लाकों में उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित समयावधि के अन्तर्गत खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण न होने के कारण आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, उ0प्र0 जवाहर भवन, लखनऊ के कार्यालय दिनांक 22 मई 2023 द्वारा जनपद के समस्त लाभार्थियों में उपरोक्त आवश्यक वस्तुओं के वितरण का कार्य 23 मई 2023 से 24 मई 2023 तक विस्तारित किये जाने का निर्णय लिया गया है।
उक्त वितरण अवधि में अन्त्योदय कार्डधारकों को 35 किग्रा0 खाद्यान्न (14 किग्रा0 गेहूं तथा 21 किग्रा0 चावल) तथा पात्र गृहस्थी राशन कार्डों से सम्बद्ध यूनिटों पर 05 किग्रा0 खाद्यान्न प्रति यूनिट (02 किग्रा0 गेहूं व 03 किग्रा० चावल) का निःशुल्क वितरण लाभार्थियों में सुनिश्चित कराया जायेगा। खाद्यान्न के निःशुल्क वितरण में पोर्टेबिलिटी ट्रान्जेक्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। विक्रेता अपने उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी ट्रान्जेक्शन कर सकेंगे। उक्त योजनान्तर्गत खाद्यान्न के निःशुल्क वितरण की अंतिम तिथि 24 मई 2023 होगी, जिस दिन आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त न कर सकने वाले उपभोक्ताओं हेतु मोबाइल ओ.टी.पी. वेरीफिकेशन के माध्यम से वितरण सम्पन्न किया जा सकेगा।
तत्क्रम में जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया जाता है कि वे पूर्व में जारी निर्देशो का पालन कराते हुए 24 मई 2022 तक नियमानुसार लाभार्थियों/राशनकार्डधारकों में खाद्यान्न का निःशुल्क वितरण पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की उपस्थिति में करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अपनी उचित दर दुकानों पर उक्त योजना के सम्बन्ध में इसकी सूचना चस्पा करेंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित न रह जाये।

0 टिप्पणियाँ