हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रकाश पर्व दीपावली का त्यौहार

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रकाश पर्व दीपावली का त्यौहार

मो एहतशाम जाफ़र
 मिन्टू लारी ब्यूरो 
चीफ अक्षय मेल 

पडरौना कुशीनगर दिन के डूबते ही  क्या शहर क्या गांव  जगमगाते  रोशनी से नहा उठे | मिट्टी के दिए,  मोमबत्तियां  एवं  रंग बिरंगे झालरों से  कस्बे से लेकर गांव तक जगमंगाने लगे | लंबे समय के कोरोना काल के बाद दीपावली यह पहला त्यौहार रहा जिसमें पहले के मुकाबले कम पाबंदियां देखने को मिली और बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ी, जिससे व्यापारियों के चेहरे पर प्रसन्नता देखने को मिली |  जनजीवन भी पूर्व के अपेक्षा सामान्य की तरफ लौटता हुआ नजर आ रहा है | महर्षि पराशर ज्योतिष संस्थान ट्रस्ट के ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश पाण्डेय  के अनुसार कार्तिक कृष्ण अमावस्या शनिवार दिन में 1:49 से लग गया एवं स्वाति नक्षत्र रात 8:45 तक है, इसके पश्चात विशाखा नक्षत्र का भोग है, इसके अंतर्गत सिद्धि नामक योग के कारण यह दीपावली अत्यंत शुभ है |
 सायंकाल लोगों में दीपोत्सव के साथ मां लक्ष्मी गणेश तथा कुबेर आदि देवताओं की निष्ठा पूर्वक पूजा की | यह उत्सव भगवती महालक्ष्मी का उत्सव माना जाता है ,इसे जनसामान्य ने धूमधाम से मनाया | दीपावली की तैयारियों के क्रम में सप्ताह भर पूर्व से ही लोगों ने अपना घर तथा दुकान व्यापारिक प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई शुरू करा दी थी, तथा रंगाई पुताई के बाद चारों तरफ एक स्वच्छ एवं सुंदर दृश्य नजर आ रहा है |
 महर्षि पराशर ज्योतिष संस्थान ट्रस्ट के पंडित राकेश पांडे ने जानकारी देते हुए बताया की गणेश पूजन तथा लक्ष्मी पूजन के लिए सर्वोत्तम मुहूर्त वृष लग्न में सायंकाल 5:16 से लेकर 7:13 तथा मध्य रात्रि 11:44 से लेकर 1:58 तक है |
 दीपावली त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पहले से ही अपनी रणनीति तैयार कर ली थी तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस के द्वारा वेरियर आदि लगाकर चार पहिया वाहनों के प्रवेश को वर्जित करते हुए भीड़ को नियंत्रित किया |  जनपद के सभी थाना क्षेत्रों प्रमुख कस्बों में पुलिस प्रशासन के द्वारा संबंधित अधिकारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया तथा सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया |संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए आम जनमानस में सुरक्षा की भावना पैदा की गई| जिलाधिकारी कुशीनगर भूपेंद्र एस चौधरी तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने जनपद वासियों को प्रकाश पर्व पर अपनी  शुभकामनाएं तथा बधाईयां प्रेषित की |वही प्रदूषण को देखते हुए पटाखे ना जलाने की अपील भी की |मुख्य विकास अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने भी अपने संदेश में सभी से पटाखे ना जलाने तथा मिट्टी के दिए से दीपावली मनाने की अपील की|
 स्थानीय नगर पडरौना में युवा अभ्युदय के नवयुवकों ने" यह दिवाली मिट्टी वाली "अभियान चलाकर लोगों को मिट्टी के दियों के प्रति आकर्षित किया| और बड़ी संख्या में स्टाल लगाकर मिट्टी के दिए को लोगों के बीच पहुंचाया दीपावली के पूर्व संध्या पर पडरौना क्रिकेट क्लब के द्वारा उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ग्राउंड में दीपोत्सव कार्यक्रम मनाया गया जिसमें हजारों की संख्या में मिट्टी के दिए जलाए गए तथा आपसी प्रेम एवं एकता स्थापित करते  हुए पर्व को हर्षोल्लास पूर्वक मनाने की अपील की गई है| दीपावली की पूर्व संध्या पर ही नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के निर्देशन में उनके प्रतिनिधि मनीष जायसवाल के नेतृत्व में नगर के बुढ़िया माई मंदिर पर 2100 दिए जलाए गए तथा अयोध्या की तर्ज पर दीपावली मनाई गई |
पडरौना नगर में सीओ सदर संदीप वर्मा, इंस्पेक्टर कोतवाली अनुज कुमार सिंह के द्वारा नगर के सभी चौक चौराहा पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे|  बाजार में महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई थी| नगर में कोतवाली के ठीक सामने जूनियर हाई स्कूल के प्रांगण में पटाखे की दुकानें लगाई गई थी जहां अग्निशमन दल का दस्ता भी उपस्थित रहा|  दीपावली के दिन बड़ी संख्या में मैदान में भीड़ देखने को मिली|
 नगर पालिका प्रशासन के द्वारा शहर की सड़कों एवं नालियों की साफ सफाई कराते हुए चुना गिराया गया तथा प्रमुख स्थानों पर बिजली के जगमगाते झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया |
पूरे दिन भर से लेकर रात तक लोगों ने सोशल मीडिया पर एक दूसरे को बधाई संदेश भेजा तथा विभिन्न संस्थानों ने अपने कर्मियों को दीपावली के अवसर पर उपहार भी दिए | विद्यार्थियों ने पूजन के उपरांत विद्या की देवी सरस्वती की उपासना की तथा लिखने पढ़ने का काम कर मां से विद्या का वर मांगा |
रेडियो प्रज्ञा ने अपने श्रोताओं के लिए अपने सभी आरजे के साथ अब अपने फेसबुक पेज पर दीपावली के अवसर पर विशेष लाइव प्रोग्राम किया | इसके साथ ही विशेष कार्यक्रमों का प्रसारण भी किया |

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ