मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की बैठक सम्पन्न

दैनिक अक्षय मेल समाचार/संवाददाता -- शिव कुमार यादव


 प्रयागराज  --- मंडलायुक्त आर  रमेश कुमार की अध्यक्षता में गुरूवार को गांधी सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा संचारी रोगो एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं विभागों द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के संदर्भ में बैठक आयोजित की गयी है। मण्डलायुक्त ने कहा कि मण्डल के सभी जनपदों में आज से पूरे अक्टूबर माह तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने सभी सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को इससे सम्बंधित तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिये। कहा कि कोविड-19 की गाइड लाइन का अनुपालन करते हुए पूरे अभियान को संचालित किया जाये। इस कार्य में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ ही नगर विकास, पंचायतीराज, पशुपालन, चिकित्सा शिक्षा, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि एवं सिंचाई विभाग मिलकर काम करेंगे। सभी विभागों के माध्यम से जनसमुदाय में जनजागरूकता कार्यक्रम साथ ही 1 से 15 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाकर व्यापक स्तर प्रचार-प्रसार कराया जाये। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगो को मच्छर जनित रोगो खासकर डेंगू, मलेरिया व दिमागी बुखार से बचाव के बारे में जागरूक करेंगी और लोगो को मच्छरों के पनपने की परिस्थितियों के बारे में जानकारी देंगी। इसके साथ ही बुखार से ग्रस्त रोगियों की सूचना ब्लाक मुख्यालय को देगी। सम्बंधित विभागों द्वारा ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में नालियों और जमंे हुए पानी में एंटी लावा का छिड़काव और फागिंग करायी जाये ताकि मच्छरों को पनपने से रोका जा सके। मण्डलायुक्त ने कहा कि कोरोना के चलते लोग स्वंय साफ-सफाई का ध्यान दे रहे है, इससे संचारी रोेगो के फैलने का खतरा कम होगा। उन्होंने लोगो को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए कहा। कहा कि इस कार्य में आशाओं के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी पूरा सहयोग करें। वीएचएनडी के माध्यम से संचारी रोग और दिमांगी बुखार के रोकथाम हेतु क्या करें और क्या न करें का सघन प्रचार-प्रसार कराया जाये। साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा सूकर पालन और पशुपालन स्थलों पर विशेष रूप से कीटनाशकों का छिड़काव करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने इस अभियान से सम्बंधित सभी विभागो को निर्देशित करते हुए कहा कि साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जल-भराव न होने देने, शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर देते हुए सभी विभाग प्रचार-प्रसार की व्यापक योजना बनाये, जिससे जनसामान्य तक सभी जानकारियों की सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। इन रोगो के रोकथाम हेतु सभी विभागों के बीच आपस में समन्वय स्थापित करते हुए एक साथ कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। साथ ही जनपद तथा ब्लाक स्तर पर समन्वय समितियों का गठन कर नियमित अंतराल पर विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्य तथा जनपद में रोग की स्थिति की समीक्षा हेतु इन समितियों की बैठक अवश्य आयोजित की जाये। उन्होंने कहा कि संचारी रोगो तथा दिमागी बुखार पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाने के लिए विभागों के मध्य समन्वय होना आवश्यक है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ