वैदिक मन्त्रोच्चार ,द्वीप प्रज्जवलन एवं निशुल्क मास्क वितरण के साथ हुआ रामलीला का भव्य शुभारंभ ।


अक्षय मेल समाचार 

 सेतापुर/प्रतापगढ़।
पिछले लगातार तीन भव्य संस्करण के सफलता पूर्वक सम्पन्न होने के बाद कोरोना महामारी के बीच सभी नियमों का पालन करते हुए श्री आदर्श रामलीला समिति के चतुर्थ संस्करण का आज वैदिक मंत्रोच्चार, द्वीप प्रज्ज्वलन एवं निःशुल्क मास्क वितरण के साथ भव्य शुभारंभ हो गया। रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने द्वीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रथम दिवस के धार्मिक मंचन के दौरान प्रथम दृश्य में पार्वती द्वारा श्री रघुनाथ जी की कथा सुनाने का निवेदन करना, द्वितीय दृश्य में नारद तपस्या, तृतीय दृश्य में देवराज इंद्र का भव्य दरबार, चतुर्थ दृश्य में नारद और ब्रह्मा जी का संवाद, पंचम दृश्य राजा शीलनिधि दरबार में नारद द्वारा विष्णु जी एवं जय विजय को श्राप देने के साथ इस तरह पहले दिवस की धार्मिक प्रसंग का मंचन कलाकरों द्वारा किया गया। समिति के प्रबंधक प्रवीण योगी ने बताया कि रामलीला स्थल अमेठी रोड के किनारे प्राथमिक विद्यालय के बगल सेतापुर गांव में हो रही है।प्रभु श्रीराम के आदर्शों की यह ऐतिहासिक लीला 28 अक्टूबर से आरम्भ होकर 6 नवम्बर 2020 तक दैनिक 8 बजे से 12 बजे तक संचालित होती रहेगी। संजीत मिश्र ने बताया इस वैश्विक महामारी के बीच जो लोग बाहर हैं या जो लोग रामलीला देखने नही आ सकते उनके लिए इस बार रामलीला समिति द्वारा विश्व के सबसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से रामलीला का दैनिक लाइव प्रसारण रात्रि 9:00 बजे से किया जा रहा है। लाइव प्रसारण को देखने के लिए "श्री आदर्श रामलीला समिति सेतापुर बिहारगंज प्रतापगढ़" के फेसबुक पेज को लाइक कर आप घर बैठे रामलीला का आनंद उठा सकते हैं। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों में निर्देशक आशीष पाण्डेय, व्यास पं. गिरजाशंकर मिश्र, अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपाध्यक्ष राजन सिंह, उपाध्यक्ष अरुण यादव, कोषाध्यक्ष सन्तोष मिश्र, संरक्षक रविशंकर मिश्र, व्यवस्थापक मनोज मिश्र, रिशु सिंह, अनिल मिश्र आदि लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ