रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई : वंशिका हत्याकांड के अभियुक्तों में से 3 पर रासुका की कार्रवाई।
नीलम ब्यूरो दैनिक अक्षय मेल समाचारपत्र रायबरेली
बछरावां रायबरेली। स्थानीय कस्बे की सब्जी मंडी की रहने वाली छात्रा वंशिका गुप्ता की हत्या के 3 अभियुक्तों पर रायबरेली पुलिस ने रासुका के अंतर्गत कठोर कार्यवाही की है। विदित हो कि विगत 6 माह पूर्व हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा शोरा के पास यूकेलिप्टस की बाग में एक अधजली युवती का शव बरामद हुआ था, जिसकी शिनाख्त बछरावां कस्बे के सब्जी मंडी की रहने वाली वंशिका गुप्ता के रूप में हुई थी। इस संबंध में मृतका के पिता की लिखित तहरीर पर हरचंदपुर थाने में आशंका के आधार पर अतुल गुप्ता के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था, जिसकी विवेचना हरचंदपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह द्वारा की गई थी। विवेचना में अतुल गुप्ता के साथ ललित गुप्ता, धीरू गुप्ता व अंजली श्रीवास्तव के नाम प्रकाश में आए। पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देशन में उपरोक्त घटना के संबंध में अनावरण एवं अपराधियों के विरुद्ध कृत कार्यवाही के लिए गठित टीम द्वारा उपरोक्त अभियुक्त गणों में से 3 को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया था और अभियुक्त धीरू गुप्ता ने माननीय न्यायालय में सरेंडर किया था। जनपद की कानून एवं लोक व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट रायबरेली बैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाईं,अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली नित्यानंद राय द्वारा अपराधियों के विरुद्ध निरंतर रूप से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट रायबरेली के आदेश दिनांक 27/08/2020 द्वारा जनपद की कानून एवं लोक व्यवस्था के दृष्टिगत विगत 6 माह पूर्व बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा की वीभत्स रूप से निर्दयता पूर्वक जिंदा जलाकर मार दिए जाने और आस पड़ोस के क्षेत्र की लोक व्यवस्था को अस्त-व्यस्त एवं भंग किए जाने के कारण उपरोक्त अभियुक्तों में से अतुल गुप्ता, ललित गुप्ता व धीरू गुप्ता के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एन एस ए) 1980 की धारा 3 की उपधारा (2) की अधीन कार्यवाही की गई है।

0 टिप्पणियाँ