सफाई कर्मियों का जुनून, स्वच्छता के की आवश्यकता - मुकेश रस्तोगी महाराणा प्रताप पार्क में हुआ सफाई कर्मियों का सम्मान

दैनिक अक्षय मेल समाचार रायबरेली

नीलम ब्यूरो

रायबरेली, 15अप्रैल, 2020!
कोरोना के संक्रमण को रोकने में सबसे अहम भूमिका सफाई कर्मचारी निभा रहे हैं।  इसमें अस्पताल के सफाई कर्मी भी दिन-रात एक कर जिम्मेदारियों का निर्वाहन करने में जुटे हुए हैं।  लाकडाउन में जब लोग घरों में कैद हैं, तब यह लोग शहर को साफ करने में लगे हुए हैं।  उक्त उद्गार उ0प्र0 उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के प्रान्तीय संगठन मन्त्री मुकेश रस्तोगी ने शहर के इन्दिरा नगर स्थित महाराणा प्रताप पार्क में आयोजित सफाई कर्मचारियों का सम्मान करते हुए कही।  श्री रस्तोगी ने कहा कि सफाई कर्मियों का जुनून को देखते हुए हमें स्वच्छता का संकल्प लेना चाहिए।  संत गाडगे सेवक कमलेश चैधरी ने कहा कि लाकडाउन में अपनी जिम्मेदारी के साथ लोगों को संक्रमण से बचाने में जहाँ चिकित्सक अपनी भूमिका निभा रहे हैं, वहीं पुलिसकर्मी भी लाकडाउन का पालन कराने में रक्षक बनकर मैदान में हैं, लेकिन एक और योद्धा है, जो इस कोरोना की जंग में अपनी मौजूदगी का अहसास कराकर लोगों को संक्रमित होने से बचा रहा है, वह है सफाईकर्मी।  कोरोना की इस जंग में गंदगी को दूर करने वाले ये सफाई कर्मचारी रूपी योद्धा आज भी उसी ईमानदारी और जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, जैसे पहले करते आये हैं।  वरिष्ठ भाजपा नेता ई. विजय रस्तोगी ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि लोग स्वच्छता कर्मियों का सम्मान कर रहे हैं, और उनके प्रति प्रेम जता रहे हैं।  यह रेखांकित करते हुए सुखद एहसास हो रहा है कि मुश्किल वक्त में हमारी आंतरिक अच्छाइयां सामने आती हैं।  श्री रस्तोगी ने कहा कि ऐसे ही कोरोना वायरस के खिलाफ अग्रिम पंक्तियों में लड़ रहे लोगों का उत्साह बढ़ाये जाने की आवश्यकता है।  सभासद एस.पी. सिंह ने कहा कि कोरोना के लाकडाउन में सबसे बड़े योद्धा सफाई कर्मचारी है, जो सुबह से ही शहर और गाँव को गंदगी मुक्त करने में जुट जाते हैं, सफाई कर्मचारियों का सम्मान करने में गौरव की अनुभूति हो रही है।  वरिष्ठ केमिस्ट व्यवसायी महानन्द उर्फ भोला चैधरी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सफाई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए पूरे अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखते हैं, अपनी जान की परवाह किये बगैर क्वारंटीन सेन्टरों में पहुँचकर साफ-सफाई करते हैं, जिस क्षेत्र में संक्रमण की पुष्टि हुई है उस स्थान की साफ-सफाई कराना भी जिम्मेदारी का काम है, लेकिन ये सफाई के योद्धा अपने काम को बखूबी निभा रहे हैं।  श्री चैधरी ने बताया कि आज सफाई नायक संजय मौर्य, सफाई कर्मचारी राधा, किशन, महेश, विजय, रवि, निहाल, रामू कलावती, पार्वती, सुनीता, मीरा, दीपमाला, रज्जो, श्यामा सहित 20 सफाई योद्धाओं का सम्मान हुआ।  सम्मान करने वालों में मुख्य रूप से सभासद टिन्नू उर्फ बब्लू सिंह, देवनाथ पाल, शत्रुघ्न पटेल आदि लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ