आरजीआईपीटी ने कोरोना योद्धाओं को उपलब्ध कराये मास्क एवं सैनिटाइज़र
दैनिक अक्षय मेल समाचार रायबरेली
राजीव गाँधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी), जायस, अमेठी ने कोरोना वायरस के सामुदायिक स्तर पर फैलाव को रोकने के उद्देश्य से इस कार्य में लगे कोरोना योद्धाओं की सहायता के लिए कदम उठाया है। इसके अंतर्गत संस्थान ने आज 16 अप्रैल 2020 को क्षेत्र के डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों एवं पत्रकारों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध कराया। साथ ही, आमलोगों के बीच, कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से, कोरोना योद्धाओं को पोस्टर भी उपलब्ध कराये गये।
इसके अंतर्गत संस्थान ने प्रथम चरण में फुरसतगंज पुलिस थाना, भारतीय स्टेट बैंक, फुरसतगंज, बहादुरपुर पुलिस चौकी, फायर स्टेशन जायस, सदाना पुलिस चौकी, जायस, जायस पुलिस थाना, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गौरीगंज, महिला पुलिस थाना, गौरीगंज, क्षेत्राधिकारी कार्यालाय, गौरीगंज, सदरा तिराहा पुलिस चौकी, अमेठी, गाँधी चौक पुलिस चौकी, अमेठी एवं अमेठी कोतवाली के साथ क्षेत्र के पत्रकारों को हैंड सैनिटाइज़र एवं मास्क उपलब्ध कराये।
इस अवसर पर बोलते हुए संस्थान के निदेशक, आचार्य अखौरी सुधीर कुमार सिन्हा ने कहा कि आरजीआईपीटी एक संवेदनशील शैक्षणिक संस्थान है और हमारा संस्थान इस राष्ट्रीय आपदा के समय क्षेत्र की जनता के मदद के लिए प्रतिबद्ध है। अपनी इसी प्रतिबद्धता पर कार्य करते हुए संस्थान ने क्षेत्र के कोरोना योद्धाओं, यथा- डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों एवं पत्रकारों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क एवं हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध कराने की पहल शुरू की है। इससे पहले संस्थान ने 29 मार्च से 14 अप्रैल 2020 तक प्रतिदिन खाने के 1200 पैकेट जरूरतमंद एवं गरीब लोगों के बीच वितरण के लिए जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया है।
इस अवसर पर संस्थान के अधिष्ठाता डॉ. उमाप्रसन्न ओझा, डॉ. अनिर्बन मुखर्जी, सहायक प्राध्यापक, कुलसचिव श्री जितेन्द्र प्रसाद, सहायक सुरक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार विश्वकर्मा, श्री अंकित पचौड़ी, श्री अनिल जेना आदि उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ