मेहनगर थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी हरीश चंद्र गुप्ता के 25 वर्षीय बेटे सुमित गुप्ता की शादी लालगंज बाजार के लालबहादुर गुप्ता की बेटी से तय हुई थी। मंगलवार की शाम छह बजे बरात लालगंज के लिए निकली थी। गाड़ियों के काफिले के साथ खुशी-खुशी बरात लालगंज बाजार की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान रात करीब नौ बजे मसीरपुर तिराहे के पास बरात में घुसे दो युवकों ने कार में बैठे दूल्हे सुमित पर गोली चला दी। कार का शीशा तोड़ते हुए गोली सीधे सुमित के सिर में लगी। इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता हमलावर बाइक से फरार हो गए।
लोगों ने दूल्हे को अस्पताल ले जाने की तैयारी की लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौत होते ही कोहराम मच गया। बारातियों और स्थानीय लोग सुमित को लेकर लालगंज के टीकरगाढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पहुंचे। डॉक्टरों ने अस्पताल के बाहर ही उसे देखा और मृत घोषित कर दिया। इससे नाराज बारातियों ने स्वास्थ्य केंद्र में तोड़फोड़ भी शुरू कर दी।
सीओ अजय कुमार यादव ने बताया कि हमलावर युवक की तलाश के लिए नाकेबंदी कर दी गई है। घटना की वजह की जानकारी देर रात तक नहीं हो सकी थी। उधर, लालगंज बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित होने वाली शादी में खबर पहुंची तो कोहराम मच गया। शादी का माहौल मातम में तब्दील हो गया।
0 टिप्पणियाँ