फतेहपुर. एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने फतेहपुर (Fatehpur) पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने केंद्र एवं राज्य की बीजेपी (BJP) सरकारों पर जमकर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2022 में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) 351 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी. हालांकि अखिलेश ने किसी भी दल के साथ गठबंधन से साफ इनकार किया.
गंगा सफाई पर ली चुटकी
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को झाड़ू लगाना और जानवरों की सुरक्षा करना बहुत अच्छा लगता है. लेकिन बीजेपी की सरकारें ये दोनों काम नहीं कर पा रही हैं. गंगा को साफ करने के सरकार के दावे पर चुटकी लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादवने कहा कि गंगा मइया अपने आप साफ हो रही हैं और इन्हें साफ करने का दावा बेबुनियाद है. नाले पर सेल्फी खींचकर केवल जनता को गुमराह करने का काम किया जा रहा है.
अकेले लड़ेगी चुनाव
उन्होंने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी किसी भी पार्टी के साथ समझौता नहीं करेगी. उनका कहना था कि एडजेस्टमेंट तो हो सकता है, लेकिन समझौता किसी से नहीं होगा. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अकेले दम पर 351 सीटें जीतकर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी. अपने ऊपर खतरा बताने वाले उनके बयान पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जब लोगों को सांड से डर लगता है तो उन्हें भी डर लगता है.
सीता मां से डरी हुई है बीजेपी
अखिलेश यादव का कहना था कि बीजेपी सीता मां से डरी हुई है. इसीलिए वह सीता मां को छोड़कर केवल जय श्रीराम का नारा दे रही है, हम तो जय सियाराम और जय राधेश्याम बोलते रहते हैं. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना का काम जरूर कराएगी और एक बार जातीय जनगणना का काम पूरा हो जाने पर हिन्दू-मुसलमान की बात हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी.
केंद्र सरकार द्वारा बुलेट ट्रेन चलाए जाने के मामले पर अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार को जय महाकाल नाम से कलकत्ता से दिल्ली तक बुलेट ट्रेन चलानी चाहिए, जिससे इस क्षेत्र के गरीबो को भी बुलेट ट्रेन में चलने का मौका मिल सके. पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव फतेहपुर नगर पालिका की चेयरमैन नज़ाकत खातून की बेटी की निकाह सेरेमनी में शामिल होने के लिए आज पहुंचे थे. अखिलेश यादव के फतेहपुर पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल रहा.
0 टिप्पणियाँ