दैनिक अक्षय मेल प्रयागराज
प्रयागराज गद्दोपुर शांतिपुरम में मौसा के घर मां के साथ रहने वाली बीए की छात्रा ने गुरुवार को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची सोरांव पुलिस ने कमरे की तलाशी ली लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। उसका मोबाइल का डाटा भी मिटा दिया गया था। व्हाट्स एप भी अनइंस्टाल था। छात्रा की मां ने अपने अधिवक्ता बहनोई पर बेटी को टॉर्चर करने का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में एफआईआर दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक लंभुआ सुल्तानपुर की रश्मि श्रीवास्तव का वर्षों पहले पति संजय श्रीवास्तव से अलगाव हो गया था। वह अपनी बेटी मुस्कान (22) के साथ कुछ वर्षों से गद्दोपुर शांतिपुरम स्थित अपने बहनोई अखिलेश श्रीवास्तव के मकान में रहती हैं। अखिलेश अपने परिवार के साथ प्रतापगढ़ में रहते हैं। यहां कभी-कभार आना जाना था। वहीं रश्मि शहर के जागृति अस्पताल में नर्स का काम करती हैं। उनकी बेटी मुस्कान घर पर ही रह कर बीए की पढ़ाई कर रही थी। गुरुवार शाम रश्मि अस्पताल से घर वापस आईं तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार खटखटाने पर भी जब जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा की कुंडी तोड़कर लोग घर में दाखिल हुए। अंदर देखा तो मुस्कान फांसी के फंदे पर लटकी थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया।
एस रहमान
की रिपोर्ट फाफामऊ प्रयागराज

0 टिप्पणियाँ