नगर का जायजा लेने निकली डीएम*सड़क पर गन्दगी फैलाने वाले मैरिज लाॅन संचालकों को नोटिस




नगर का जायजा लेने निकली डीएम*सड़क पर गन्दगी फैलाने वाले मैरिज लाॅन संचालकों को नोटिस

दैनिक अक्षय मेल समाचार
    शिव प्रसाद मौर्य

सुलतानपुर 02 दिसम्बर/ जिलाधिकारी सी0 इन्दुमती द्वारा शहर की साफ-सफाई व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। गन्दगी पाये जाने पर तीन सफाई नायकों को निलंबन तथा शहर के खाद्य एवं सफाई निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किये जाने के निर्देश दिये गये। इसके साथ ही उन मैरिज लाॅन संचालकों को भी नोटिस जारी किये जाने के निर्देश दिये गये, जो सड़क पर गन्दगी फैलाते हैं।प्रातः 09 बजे जिलाधिकारी शहर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेने हेतु निकली। उन्होंने  अमहट गोराबारिक से बस स्टैण्ड तक सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण में कई जगह कूड़े करकट एवं गन्दगी का अम्बार लगा हुआ तथा रोड के किनारे खाद्य सामग्री के लगे हुए ठेलों के द्वारा भी दोना प्लेट फेंक कर गन्दगी फैलायी जा रही पायी गयी। इसके अतिरिक्त बारात घरों द्वारा भी सड़क के किनारे काफी गन्दगी फैलायी जाती मिली। इसके साथ ही सड़कों पर पशु भी विचरण करते हुए पाये गये। जिसके कारण जन सामान्य को काफी नुकसान पहुंच रहा है जिलाधिकारी ने कड़ा रूख अपनाते हुए सम्बन्धित सफाई नायकों अरविन्द, सिकन्दर व दुर्गेश को निलंबित किये जाने तथा शहर के खाद्य एवं सफाई निरीक्षक भानू प्रताप सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि साफ-सफाई शासन/प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में एक है। इसमें शिथिलता एवं लापरवाही किसी भी दशा में बर्दास्त न की जायेगी। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका को स्पष्ट निर्देश दिये कि नगर की साफ-सफाई प्रातः 07 बजे हर हाल में हो जाना चाहिये। पशु भी सड़क पर विचरण करते हुए न मिलें। इसके साथ ही उन्होंने सड़क पर गन्दगी फैलाने वाले मैरिज लाॅन संचालकों के विरूद्ध भी वैधानिक कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ