अक्षय मेल समाचार/ विजय कुमार यादव
अयोध्या।शनिवार की शाम दो पक्षों में पुरानी रंजिश लेकर हुऐ आपसी विवाद (हाथापाई) में चोटिल 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।परिजनों की नामजद तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीकापुर कोतवाली क्षेत्र की ग्राम सभा असकरनपुर के मजरे नरहरतारा निवासी माता प्रसाद यादव ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही निवासी रामचंद्र ,राम सुंदर पुत्रगण जेठू व रोहित पुत्र रामचंद्र पर आरोप लगाया है कि प्रार्थी द्वारा उच्चाधिकारियों से विपक्षी के राशन कार्ड की शिकायत कर जांच की मांग की गई थी।जिससे नाराज बिपक्षी ने शनिवार की शाम को प्रार्थी को अकेला पाकर उस पर हमला कर दिया। गुहार लगाने पर बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की पत्नी कृष्णकुमारी(66)पर भी उक्त लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट में बुजुर्ग महिला को गंभीर चोट लगने से बेहोश हो गई। बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर देख परिजन एंबुलेंस से सीएचसी बीकापुर ले गये जहां पर डाक्टरों ने जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर वहां भी चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर के लिए रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान शनिवार/रविवार की रात्रि लगभग 2:00 बजे गंभीर रूप से चोटिल कृष्णकुमारी की मौत हो गई।
वहीं ग्रामीणों की मानें तो दोनों पक्षों में पुराने जमीनी मामले को लेकर विवाद चल रहा था। तथा इस मामले में कुछ दिन पूर्व ही कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति भंग की धारा में चालान किया था। बाद में ग्राम प्रधान व संभ्रांत व्यक्तियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों का सुलह समझौता भी करवा दिया गया था।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार मिश्र ने बताया कि लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तथा मृतका के पति माता प्रसाद की तहरीर पर उक्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 323,304 का मुकदमा पंजीकृत कर अगली कार्यवाही की जा रही है।शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए मृतका के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

0 टिप्पणियाँ