अक्षय मेल समाचार/ शिव प्रसाद मौर्य
सुलतानपुर 31 अगस्त/जिलाधिकारी सी0 इन्दुमती की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। जिसमें उद्योग आधार मेमोरैण्डम की समीक्षा की गयी। इसके साथ ही निवेश मित्र ‘‘एक जनपद एक उत्पाद‘‘ मंूज क्राफ्ट के अन्तर्गत वित्त पोषण हेतु सहायता योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री स्वरोजगार कार्यक्रम, वित्तीय वर्ष 2019-20 में विद्युत भार स्वीकृति एवं ऊर्जीकरण, पूंजी निवेश आदि बिन्दुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त मेसर्स परी भारत गैस सर्विस, ब्याज उत्पादन, निर्मला देवी के स्टैण्ड-अप योजना के ऋण, ग्रामीण औ0आ0, पयागीपुर की सड़कों के उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण आदि बिन्दुओं पर भी चर्चा की गयी।उद्योग आधार मेमोरैण्डम की समीक्षा में उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र ने बताया कि इस कार्यक्रम के अन्तर्गत इकाईयों के रजिस्ट्रेशन हेतु आॅनलाइन व्यवस्था की गयी है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में अगस्त माह तक 44 उद्योग आधार एवं क्रमिक 268 उद्योग आधार जारी किया गया। इसी प्रकार एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम के अन्तर्गत मूंज क्राफ्ट उत्पाद के लिये वित्तीय वर्ष 2019-20 में भौतिक लक्ष्य 30 एवं वित्तीय लक्ष्य रू0 75 लाख कुल 82 आवेदन पत्र विभिन्न बैंकों को प्रेषित किये गये, जिसमें से 09 ऋण आवेदन पत्रों पर कार्यवाही की जा चुकी है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत भौतिक लक्ष्य 172 एवं वित्तीय लक्ष्य 166.84 लाख के सापेक्ष 28 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिसमें बैंकों द्वारा 03 ऋण आवेदन पत्रों पर स्वीकृति दी गयी। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अन्तर्गत भौतिक लक्ष्य 49 के सापेक्ष 59 आवेदन विभिन्न बैकों को प्रेषित किये गये, जिन पर कार्यवाही प्रचलित है।जिलाधिकारी ने शासन की इन महत्वपूर्ण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि ग्राम स्तर शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार प्रभावी ढंग से किया जाये, ताकि शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सकें। इसके साथ ही उन्होंने बैंकर्स को हिदायत देते हुए कहा कि लाभार्थियों के ऋण आवेदन अनावश्यक बिलम्बित न किये जायें।बैठक में ग्रामीण औद्योगिक पयागीपुर की सड़कों के उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के सम्बन्ध में कार्यदायी संस्था द्वारा मनमाने ढंग से कार्य कराये जाने की शिकायत उद्यमियों ने जिलाधिकारी से की। इस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित ठेकेदार के विरूद्ध कार्यवाही अमल में लाते हुए ब्लैकलिस्टेड कराये जाने के निर्देश दिये।इसके पश्चात सम्पन्न हुई जिला व्यापार बन्धु की बैठक में व्यापार बन्धु के सदस्यों द्वारा लोडिंग-अनलोडिंग के सम्बन्ध में चर्चा करते कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा अधिकृत व्यक्तियों से भिन्न व्यक्तियों द्वारा लोडिंग-अनलोडिंग, शुल्क की वसूली का जारी रहना बताया। इसके साथ ही गोमती अस्पताल के नजदीक अवैध कब्जा किये जाने एवं वहां अवैध वसूली किये जाने की बात रखी। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद तथा अधिशासी अभियन्ता विद्युत की टीम गठित करते हुए प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।

0 टिप्पणियाँ