तहसील रोड पर घटिया नाली निर्माण से जलभराव और हादसे का खतरा, छायादार पेड़ों की जड़ें कटीं।

तहसील रोड पर घटिया नाली निर्माण से जलभराव और हादसे का खतरा, छायादार पेड़ों की जड़ें कटीं।
अक्षय मेल समाचार। 
 मुसाफिरखाना अमेठी। सुगम जल निकासी व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से आदर्श नगर पंचायत मुसाफिरखाना स्थित तहसील रोड के किनारे नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण की तकनीकी खामियों के कारण भविष्य में गंभीर समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बन रही नाली की शुरुआती सतह यानी बेड नगर पंचायत के मुख्य नाले से भी निचली प्रतीत हो रही है। ऐसे में बारिश का पानी नाली से मुख्य नाले तक नहीं पहुंच पाएगा और तहसील रोड पर जलभराव की समस्या और बढ़ जाएगी। पहले से ही मामूली बरसात में भी यहां कई घंटों तक पानी भर जाता है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी होती है।

इस निर्माण के कारण एक और बड़ा खतरा सामने आया है। सड़क के किनारे तत्कालीन उपजिलाधिकारी द्वारा लगवाए गए छायादार वृक्षों की जड़ें नाली खोदते समय काट दी गई हैं। बरसात में जलभराव की स्थिति में ये कमजोर पेड़ उखड़कर सड़क किनारे बनी दुकानों पर गिर सकते हैं। इससे सरकारी संपत्ति के नुकसान के साथ-साथ किसी बड़ी जनहानि की भी संभावना है।

नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल रोककर तकनीकी विशेषज्ञों से जांच कराई जाए। नाली का स्तर मुख्य नाले के अनुसार ऊंचा किया जाए और क्षतिग्रस्त पेड़ों को बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं और जलभराव से बचा जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ