अभय प्रताप यादव,जिला ब्यूरो।
अक्षय मेल समाचारअमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महाअभियान के तहत "एक पेड़ मां के नाम" थीम पर सोमवार को विकास खंड मुसाफिरखाना के प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय गुन्नौर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और बच्चों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य लोग भी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्रधानाध्यापक हरि प्रसाद यादव के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर एआरपी हिंदी मनोज तिवारी की मौजूदगी में विद्यालय परिसर में आम और नीम के पौधे रोपित किए गए। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान का उद्देश्य हर नागरिक को अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना है। पेड़ न केवल ऑक्सीजन देते हैं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ पर्यावरण भी सुनिश्चित करते हैं।
इस मौके पर एआरपी हिंदी मनोज तिवारी ने बच्चों को पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि लगाया गया हर पौधा तभी सार्थक होगा जब उसकी नियमित देखभाल की जाए।
कार्यक्रम में अक्षय मेल समाचार पत्र के संपादक एवं अधिवक्ता उच्च न्यायालय लखनऊ अक्षय प्रताप यादव ने विशेष रूप से सहभागिता की। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी जरूरत है। विद्यालय स्तर पर ऐसे अभियान बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करेंगे।
वृक्षारोपण के बाद सभी पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने और नियमित सिंचाई की व्यवस्था करने का निर्णय भी लिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सहायक शिक्षक राजेंद्र कुमार यादव, छात्र-छात्राएं और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ