बैग पाकर बच्चों के चेहरे खिले।
मुसाफिरखाना, अमेठी। रायबरेली जिले में खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात और अमेठी के मुसाफिरखाना ब्लॉक के गुन्नौर गांव निवासी संदीप कुमार सिंह ने समाज सेवा की मिसाल पेश की। उन्होंने अपने पुत्र सुदीक्षराज सिंह के जन्मदिवस के मौके पर प्राथमिक विद्यालय गुन्नौर के बच्चों के बीच खुशियां बांटीं और विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में बीडीओ संदीप कुमार सिंह ने स्कूल के लगभग 110 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए। हर बैग में ड्राइंग बॉक्स, कलर बॉक्स के साथ-साथ बच्चों के रोजमर्रा के उपयोग की पढ़ाई-लिखाई सामग्री भी शामिल थी। नए बैग और रंग-बिरंगे सामान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विद्यालय परिसर में जैसे ही बैग वितरण शुरू हुआ, बच्चों की आंखों में चमक साफ दिखी। कई बच्चों ने वहीं बैग खोलकर कलर और ड्राइंग बॉक्स देखे और तालियां बजाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान बच्चों ने सामूहिक रूप से सुदीक्षराज सिंह को जन्मदिन की बधाइयां दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हरि प्रसाद यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संदीप कुमार सिंह का यह कदम बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करेगा। अक्सर ग्रामीण इलाकों में संसाधनों की कमी से बच्चे पीछे रह जाते हैं, ऐसे में इस तरह की मदद उनका हौसला बढ़ाती है।
इस मौके पर संदीप कुमार सिंह ने कहा, “बेटे के जन्मदिन को खास बनाने का सबसे अच्छा तरीका यही लगा कि इन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाई जाए। शिक्षा ही सबसे बड़ा उपहार है।” कार्यक्रम में अभिभावक, शिक्षक अनुप्रास गुप्ता, सुमन प्रजापति, ईसीसीई एजुकेटर तेजस्विनी सिंह ,आंगनबाड़ी कार्यक्त्री लाजो , मीना,बीडीओ संदीप सिंह के पिता मकदूम सिंह सहित गांव के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने बीडीओ के इस सामाजिक सरोकार की प्रशंसा की। गुन्नौर गांव में इस पहल की खूब चर्चा हो रही है और लोगों ने इसे अनुकरणीय बताया है।
0 टिप्पणियाँ