जनपद की 143 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय का किया गया शुभारंभ।जब हम शिक्षित होंगे तभी हमारा गांव, समाज और देश आगे बढ़ेगा.......जिलाधिकारी।

जनपद की 143 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय का किया गया शुभारंभ।

जब हम शिक्षित होंगे तभी हमारा गांव, समाज और देश आगे बढ़ेगा.......जिलाधिकारी।

अमेठी। जनपद में शिक्षा को बढ़ावा देने तथा हर बच्चे के हाथ में किताबों को पहुंचाने एवं गरीब तथा ज्ञानार्जन करने वाले बच्चों को निशुल्क किताबें उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में लाइब्रेरी की स्थापना करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निशा अनंत द्वारा 15 अगस्त 2024 को कलेक्ट्रेट में पुस्तक संग्रहालय का शुभारंभ किया गया था जिसमें जनपद वासियों से किताबें दान देने की अपील की गई थी उन्हीं किताबों को अब जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में पहुंचाया जा रहा है जिसके क्रम में आज जनपद की 143 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया है विकासखंड गौरीगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत आनापुर में जिलाधिकारी निशा अनंत व पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा पंचायत सचिवालय में स्थापित पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही अध्ययन कक्ष का भी शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आपके गांव में आज पुस्तकालय खुला है गांव के विकास के लिए यह पहला कदम है। उन्होंने सभी ग्राम वासियों से अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि आप लोग अपने बच्चों को प्रतिदिन पुस्तकालय में पढ़ने के लिए भेजे, स्कूल से आने के बाद पुस्तकालय भेजें, यहां पर कक्षा 1 से 12 तक तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें एवं अखबार आदि उपलब्ध हैं जिन्हें बच्चे पढ़ कर ज्ञान हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा के लिए लाइब्रेरी में बेहतर पढ़ाई हो पाती है आप लोग अपने बच्चों को बेहतर संस्कार दें। उन्होंने कहा कि जब तक आप लोग अपने बच्चों को पढ़ाएंगे नहीं तब तक आपके गांव व देश का विकास संभव नहीं है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अनुरोध करते हुए कहा कि आप लोग अन्य कार्यों को करते हुए अपने बच्चों की शिक्षा पर भी विशेष ध्यान दें। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को लाइब्रेरी में और पुस्तकें बढ़ाने के निर्देश दिए तथा सुरक्षा की दृष्टि से लाइब्रेरी में सीसीटीवी कैमरा भी लगवाने को कहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी ग्राम वासियों को आगामी त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी और शिक्षा की इस मुहिम को और आगे तक बढ़ाने की अपील किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने इस पहल के लिए सभी को धन्यवाद दिया तथा कहा कि आप लोग भी इस पुस्तकालय में किताबें दान दे सकते हैं जिससे गरीब और ज्ञानार्जन करने वाले बच्चों को पढ़ाई करने में मदद मिल सकेगी, किताबों को हर उम्र के लोग पढ़ सकते हैं आप लोग इस सुविधा का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें और लाभान्वित हों। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में आज जनपद की 143 ग्राम पंचायत में पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया है जल्द ही जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय खोले जाएंगे। उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधान से ग्राम पंचायत की बैठक में इस पुस्तकालय के लिए बजट की भी व्यवस्था करने को कहा जिससे पुस्तकालय में सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व ग्रामवासी मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ