मेरी माटी, मेरा देश’ (मिट्टी को नमन, वीरों को वंदन) कार्यक्रम का जनपद में 09 से 15 अगस्त तक होगा दिव्य व भव्य आयोजन
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्रत्येक खेत से प्रत्येक व्यक्ति एक मुट्ठी मिट्टी लेकर प्रत्येक ग्राम पंचायत में अमृत सरोवर जिसमें शहीदों के नाम, स्वतंत्रता सेनानियों के नाम, युद्ध में हुए शहीद तथा पीएसी/पुलिस के नाम का शिला फलक लगाया जाएगा। वहां पर एकत्र होकर देश के शहीदों को वंदन करते हुए पंच प्रण लेंगे। खेत की इस मिट्टी को मिलाकर दो कलश में रखकर विकास खण्ड को भेजा जाएगा। मिट्टी को विकासखंड से जनपद फिर जनपद से दो कलश में मिट्टी लखनऊ व दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भेजी जाएगी। यह सभी कार्यक्रम अलग अलग तिथियों में 09 अगस्त से 15 अगस्त तक विविध कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित हो सकेंगे। जनपद से मिट्टी के कलश को 23 अगस्त को लखनऊ और 28 को दिल्ली ले जाया जाएगा। जिसे युवा व महिला मंगल लेकर जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रभात फेरी तिरंगा यात्रा पंचप्राण के साथ अमृत सरोवर में 75 वृक्ष लगाए जाएंगे और दीप का प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले या जल सेना, वायु सेना, थल सेना के अमर शहीदों की याद में एक मुट्ठी मिट्टी में पंचप्राण लेते हुए उनके नाम का शिलाफलक लगाया जाएगा। जो कलश लखनऊ और राजधानी ले जाया जाएगा। उसे बेहतर सुसज्जित बैंड बाजे तिरंगे ध्वज के साथ वाहन से रवानगी की जाएगी। जिसमें युवा और महिला मंगल दल प्रतिभाग करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि अपनी मातृभूमि को नमन करने का बहुत ही शुभ अवसर मिला है। अपने देश को आजाद करने में अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, देशभक्तों को याद करने का क्षण मिला है। इसे उत्सव और भव्यता के साथ प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनाएंगे।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी से कहा कि इसके लिए सभी ग्राम प्रधान पहले से ही अपनी तैयारी कर लें। उन्होंने कहा कि जो भी शिला फलक लगाया जाएगा उसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए ताकि वह अधिक से अधिक दिनों तक चल सके और उसमें लिखे हुए शहीदों के नाम अधिक से अधिक दिनों तक लोग जान सकें। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 9 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय गीत, राष्ट्र ध्वज, राष्ट्रगान के तराने की गूंज चलती रहे। प्रत्येक विद्यालय में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। राष्ट्रीय गायन हो, संस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हों, पुलिस बैंड के साथ तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त जनप्रतिनिधियों मा0 सासंद, मा0 विधायक, मा0 ब्लाक प्रमुख गण, ग्राम प्रधान/सभासदगण सहित आम जनमानस से अपील की है कि मेरी माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनायें। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को इसका भव्य कार्यक्रम जनपद स्तर पर होगा। जिसमें सभी जनप्रतिनिधि भी प्रतिभाग करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ा जाए। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और किसानो को जोडते हुए उत्सव के रूप में भव्यता के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाये।
जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर घर तिरंगा 13 से 15 अगस्त 2023 अभियान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसहभागिता के साथ मनाया जायेगा, जिसके सम्बन्ध में सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर लेने के निर्देश दिये। हर घर तिरंगा कार्यक्रम प्रत्येक सरकारी अधिकारी/कर्मचारी शिक्षकगण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न नागरिक संगठनों आदि की सहभागिता सुनिश्चित की जाये। ग्राम पंचायत स्तर पर सम्बन्धित विभाग के द्वारा जागरूकता सत्र का आयोजन किया जाये और ग्राम प्रधानों को शत-प्रतिशत घरो, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, आंगनबाडी केन्द्रों, राशन की दुकानों आदि पर झण्डा फहराया जाने हेतु प्रेरित किया जाये।
जनपद के समस्त सरकारी/सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, गैर सरकारी संगठनों, रेस्टोरेन्ट, शापिंग काम्पलेक्स, टोल प्लाजा, पुलिस चौकी/थाना इत्यादि पर झण्डा फहराया जाये।

0 टिप्पणियाँ