पारिवारिक वादों के निस्तारण हेतु की गयी प्री-ट्रायल बैठक

अक्षय मेल समाचार जौनपुर 
            राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर एम0 पी0 सिंह के आदेशानुसार 10 जुलाई 2021 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवार न्यायालयों में लम्बित अधिकाधिक वादों के निस्तारण के सम्बन्ध में विचार-विमर्श हेतु प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, जौनपुर सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में उनके विश्राम कक्ष में 06 जुलाई 2021 को समय अपरान्ह 01ः00 बजे सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर श्रीमती शिवानी रावत के संचालन में बैठक आयोजित की गयी।
            बैठक में विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, जौनपुर द्वारा कहा गया कि इस लोक अदालत में सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक पारिवारिक मामलों निस्तारण कराया जाना है। इसमें अधिवक्तागण का सहयोग अति आवश्यक है। उनके द्वारा बताया गया कि पारिवारिक मामलों के जो पक्षकार सुलह समझौते से अपने मामलों का निस्तारण कराना चाहते हैं वह अपना सुलहनामा पत्रावली में दाखिल कर दें, ताकि पत्रावली में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर निस्तारण किया जा सके।
                सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर श्रीमती शिवानी रावत द्वारा इस लोक अदालत में उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ द्वारा निर्गत एस0ओ0पी0 एवं कोविड-19 से सम्बन्धित निर्गत दिशा-निर्देशों का पालन व सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए अधिक से अधिक पारिवारिक मामलों का निस्तारण कराये जाने हेतु विद्वान अधिवक्तागण एवं वादकारियों से अपील की गयी।
              इस अवसर पर अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश प्रथम अली रज़ा, अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय तृतीय सुश्री एकता कुशवाहा एवं राजेन्द्र यादव, राकेश कुमार मिश्र, सै0 जरगाम अहसन आदि अधिवक्तागण उपस्थित रहे। उपस्थित अधिवक्तागण द्वारा अधिकाधिक वादों का निस्तारण कराये जाने का आश्वासन दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ