बेरहम बारिश ने छीन लिया आशियाना
पलक झपकते ही जमींदोज हो गया पूरा घर
खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हुआ परिवार
नीलम ब्यूरो दैनिक अक्षय मेल समाचारपत्र रायबरेली
शिवगढ़ (रायबरेली) शिवगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैंती में तकिया चौराहे पर स्थित मोहम्मद हसन पुत्र अब्दुल मजीद का कच्चा आशियाना बारिश के कहर से भरभरा कर मलबे में तब्दील हो गया। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल अभिषेक पटेल ने हुए नुकसान का जायजा लेकर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी है। विदित हो कि ग्राम पंचायत बैंती के तकिया चौराहे पर रहने वाले मोहम्मद हसन के परिवार की काफी माली हालत है। जो पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी उमीरा बानो, पुत्री शकीला बानो, पुत्र मोहम्मद आदिल, मोहम्मद जलालुद्दीन के साथ पिछले कई वर्षों से कच्चे जर्जर मकान में रहकर किसी तरह जीवन यापन कर रहे थे। 2 दिन पूर्व जिनका पूरा आशियाना भरभरा कर मलबे में तब्दील हो गया। जिसके नीचे दबकर गृहस्ती एवं राशन सामग्री नष्ट हो गयी। पीड़ित मोहम्मद हसन ने बताया कि खेती करने लायक उनके पास एक बिसुवा भी जमीन नही है। कबाड़ी का काम करके किसी तरह अपने परिवार की जीविका चलाते हैं। पीड़ित मोहम्मद हसन का कहना है कि ऊपर वाले का शुक्र था कि जिस समय मकान गिरा उनका परिवार घर के बाहर था वरना परिवार के साथ बड़ी अनहोनी हो जाती।
घर के गिरने से उनका परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल अभिषेक पटेल ने बताया कि बारिश में मोहम्मद हसन का पूरा घर गिर गया है। मकान के गिरने से हुए नुकसान का जायजा लेकर तहसील प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। पीड़ित परिवार को शासन की ओर से हर सम्भव मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ