दिल का दौरा पड़ने से हुई युवक की मौत,परिजनों ने एक मामले से आहत होने से हादसा होने का लगाया आरोप।
अयोध्या।
रविवार की सुबह ग्राम प्रधान का विशेष करीबी/सहयोगी रहे 28 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत खराब होने के पश्चात इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 28 वर्षीय इमरान पुत्र ताज अहमद जनपद गोंडा के तहसील तरबगंज क्षेत्र की ग्राम बरौली बैसब का पुरवा का मूल निवासी था जिसकी अयोध्या जनपद के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र की ग्राम सभा भग्गू जलालपुर निवासी मो.शकील के यहां ससुराल है। जो पिछले कई वर्षों से अपनी ससुराल में पत्नी व बच्चों सहित सास ससुर के द्वारा कोतवाली क्षेत्र के ही सोनवर्षा मुसलमीन कोंछाबाजार में जमीन लेकर बनाये गये छोटे से मकान में रह रहा था।मृतक युवक सरल स्वभाव का व्यक्ति था जो ग्राम प्रधान प्रतिनिधि /पति सोनवर्षा मुसलमीन सुरेश कुमार का बेहद करीबी था।
जिसकी रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ी तो प्रधान पति व परिजनों ने आनन फानन में इलाज के लिए निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गये।जहां पर चिकित्सकों ने जांचोपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया।परिजन मृतक युवक का शव घर वापस ले आये।
परिजनों के अनुसार युवक की मौत का कारण डाक्टरों द्वारा ह्रदय गति रुकना बताया गया है।मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों की सूचना पर बीकापुर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह उप निरीक्षक चंद्रशेखर यादव कांस्टेबल मनोज चौधरी धीरज त्रिपाठी रवि रंजन श्यामू पाल सहित पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार यादव ने मृतक की पत्नी की लिखित सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मृतक अत्यंत गरीब था जिसे रहने के लिए आवास हेतु पर्याप्त जमीन ना होने के कारण काफी परेशानी हो रही थी। मृतक की परेशानी देख ग्राम प्रधान पति द्वारा सोनवर्षा मुसलमीन ग्राम सभा अंतर्गत आवासीय पट्टा दिया गया था। जिस पर कब्जे के दौरान गांव के ही कुछ लोगों द्वारा विरोध करते हुए उस पर मुकदमा पंजीकृत करवा दिया था। सूत्रों के अनुसार दिया गया आवासीय पट्टा न्यायालय के माध्यम से निरस्त हो चुका था। जिसके बाद ग्राम प्रधान पति द्वारा अग्रिम न्यायालय से खारिज पट्टे के आदेश को निरस्त करवाते हुऐ पुनः पट्टा धारकों को कब्जा दिलाने का काम विगत एक सप्ताह पूर्व शुरू करवाया गया था। जिस पर निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया। किंतु बिपक्षियों द्वारा पुनः न्यायालय से स्थगन आदेश लाकर निर्माण कार्य रोकवा दिया तथा बनाई की गई दीवार को गिरा दिया गया। जिससे सदमे में आए युवक को रविवार की सुबह दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
मृतक के एक आठ वर्षीय व एक छः वर्षीय पुत्री तथा एक वर्षीय एक पुत्र है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी बीकापुर इंद्रेश कुमार यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ