दैनिक अक्षय मेल समाचार रायबरेली
रायबरेली,
ग्राम मधुपुरी के अन्तर्गत रहने वाली गरीब, मजदूर, बेसहारा सुनीता की मदद करने कई संगठन आगे आ रहे हैं, इसी क्रम में वरिष्ठ व्यापारी नेता मुकेश रस्तोगी भी अपने साथियों के साथ सुनीता के घर पहुँचे तथा उन्हें आटा, दाल, चावल, रिफाइन्ड एवं माँ-बेटी के पहनने के लिए कपड़ों का प्रबन्ध किया तो सुनीता व उसकी पुत्री के आँखों से आँसू छलक आये। सुनीता ने श्री रस्तोगी को धन्यवाद प्रकट करते हुए ईश्वर से उनके सुखद भविष्य की प्रार्थना की। इस अवसर पर श्री रस्तोगी के साथ पहुँचे संत गाडगे सेवक कमलेश चैधरी ने बताया कि सुनीता बीमार रहती है, लाकडाउन खत्म हो जाने के उपरान्त उसके इलाज का प्रबन्ध किया जायेगा। श्री चैधरी ने बताया कि वह गाडगे बाबा के अनुयायी हैं और गाडगे बाबा ने समाज को यह सन्देश दिया था कि भूखे को भोजन-प्यासे को पानी, पीड़ित की मदद यथाशक्ति करना चाहिए। श्री चैधरी ने कहा कि ईश्वर ने हमें जिस लायक बनाया है, हम तन-मन-धन से सुनीता व उसकी पुत्री की मदद करने को संकल्पित हैं। व्यापारी नेता राजनरायन अग्रहरि ने जिला प्रशासन व स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील किया कि इस तरह के परिवार की मदद हेतु आगे आयें। श्री अग्रहरि ने कहा कि रायबरेली की जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण बधाई के पात्र हैं, जो अपने जीवन की परवाह किये बगैर दिन-रात अपनी सेवायें दे रहे हैं तथा कोई भूखे पेट न सोने पाये इसलिए चिन्हित करते हुए भोजन वितरण कर रहे हैं, निश्चित ही रायबरेली प्रशासन का यह कार्य काबिले तारीफ है। उल्लेखनीय है कि श्री रस्तोगी की पौत्री निवेदिता रस्तोगी भी बच्चों में अलख जगाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है, और वह लाकडाउन के दिन से ही समाजसेवा के नित नये आयाम गढ़ रही है।

0 टिप्पणियाँ