दैनिक अक्षय मेल समाचार रायबरेली
नीलम ब्यूरो
रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह का संकल्प है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के दौरान लाकडाउन के चलते कोई भी गरीब बिना भोजन किए भूखा न सोए। इसके लिए सदर विधायक के निजी खर्च व देखरेख में पिछले दस दिनों से क्षेत्र में जनता रसोईयां चलाई जा रही हैं। जिनमें प्रतिदिन लगभग दस हजार से भी अधिक लोगों के लिए भोजन पकाया जाता रहा है। गरीबों के लिए भोजन तैयार कर रिक्शे व अन्य संसाधनों के द्वारा गरीब बस्तियों में घर-घर तक भोजन पहुंचाने का काम किया जा रहा है। राहत सामग्री के रूप में अपने विधायक द्वारा उपलब्ध कराए गए लंच पैकेट पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। सदर विधायक द्वारा मानवीय सेवा के लिए तत्पर रहते हुए इस महान कार्य के लिए समूचे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि आज सारे देश व प्रदेश के साथ ही हमारे जिले व क्षेत्र के लोग भी संकट की घड़ी में हैं। ऐसे में हमारा दायित्व बनता है कि अपनी जनता की सेवा के लिए प्रतिपल तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि लाकडाउन के चलते हमें अपने घरों पर रहते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करना है। साफ-सफाई का ध्यान रखते हुए मास्क पहनने हैं ताकि संक्रमण से बचा जा सके। ऐसे मौके पर बस्तियों में रहने वाले गरीब लोगों के लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो रहा है। क्षेत्रीय विधायक होने के नाते मैं अपना पहला कर्तव्य मानती हूं कि मेरे क्षेत्र में कहीं कोई भूखा ना रहे। इसके लिए हमारे लोग पूरी मेहनत से लगे हुए हैं। जनता रसोइयों में भोजन तैयार करवाकर लंच पैकेट पहुंचाने का काम किया जा रहा है। यदि फिर भी कहीं किसी कारण से लंच पैकेट नहीं पहुंच पाए हों तो तत्काल इसके लिए मुझे सूचित किया जाए। कहीं पर कोई कमी रहे तो उसे हम सबको मिलकर सुधारना है। महामारी के इस दौर में मैं आप सब की 'बेटी-बहन' जनता की सेवा और सहयोग के लिए हर क्षण समर्पित रहूंगी।

0 टिप्पणियाँ