आवारा कुत्तों के हमले से राष्ट्रीय पक्षी मोर की हुई मौत,राजकीय सम्मान के साथ किया गया अंतिम संस्कार।
दैनिक अक्षय मेल समाचार
कुत्तों के हमलों से घायल राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करवा कर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर लगभग 3:00 बजे बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के कोंछाबाजार बीकापुर मार्ग पर ग्राम सभा भग्गू जलालपुर के मजरे पूरे सधई तिवारी का पुरवा के समीप स्थित बाग में टहल रहे मोर पर कुछ आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया।
रास्ते से गुजर रहे उपनिरीक्षक भानु प्रताप यादव ने मोर पर हमला कर रहे कुत्तों को देख ग्रामीणों एवं राहगीरों की सहायता से जब तक मोर को कुत्तों से बचाया। तब तक मोर गंभीर रूप से घायल हो चुका था। इसी दौरान ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना डायल 112 एवं वन विभाग को दी गई। सूचना पाकर आनन फानन में पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे डायल 112 उपनिरीक्षक बंटेश बहादुर सिंह एवं वन कर्मचारी जब तक गंभीर रूप से घायल मोर को इलाज के लिए ले जाते तब तक उसकी मृत्यु हो गई।
मौके पर पहुंचे वन कर्मी जगदीश प्रसाद यादव व ह्रदय राम ने मृत मोर को कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में वन दरोगा दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक मोर का पोस्टमार्टम करवाकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

0 टिप्पणियाँ