बेहतर उत्पादन के लिए अगेती किस्म के गन्ने की करें बुवाई:-मुकुट विहारी वर्मा

बेहतर उत्पादन के लिए अगैती किस्म के गन्ने की करें बुवाई: -मुकुट विहारी वर्मा

बहराइच,उत्तर प्रदेश(ब्यूरो)। प्रदेश के सहकारिता मंत्री श्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कैसरगंज परसेण्डी स्थित पारले चीनी मिल के पेराई सत्र 2017-18 का शुभारम्भ करते हुए कहा कि पारले चीनी मिल का क्षेत्र के विकास में अत्यन्त महत्वपूर्ण योगदान है। क्षेत्र के किसानों को समृद्धिशाली बनाने में चीनी मिल ने बहुत अहम रोल निभाया है। श्री वर्मा ने कहा कि कृषि प्रधान देश भारत के किसानों की आमदनी पर ही देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था निर्भर है। इसलिए किसानों को चाहिए कि वे उन्नतिशील प्रजाति का गन्ना पैदा करें जिससे उनकी आय दोगुनी हो सके और देश प्रदेश भी खुशहाल हो। 

श्री वर्मा ने कहा कि पारले चीनी मिल क्षेत्र के किसानों की उम्मीदों पर खरी उतरे इसके लिए मिल प्रशासन को किसान हितों को सर्वोपरि रखते हुए पूरे मनोयोग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि अगैती प्रजाति के गन्ने की बुआई करें जिससे आपको अच्छा उत्पादन प्राप्त हो ताकि हमारे क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आ सके। मा. सहकारिता मंत्री ने मिल द्वारा की गयी व्यवस्थाओं की भी सराहना की।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कैसरगंज पंकज कुमार ने कहा कि जिले का किसान जितना समृद्धिशाली होगा उतनी ही जिले की अर्थ व्यवस्था मज़बूत होगी। श्री कुमार ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि बेहतर तकनीक से खेती करें जिससे कम से कम लागत में अधिक से उत्पादन प्राप्त हो। पुलिस क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाये रखने में यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो पुलिस विभाग द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जायेगी। 

मिल के प्रबन्धक अनिल सखूजा ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस बार 60 लाख कुण्टल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि ट्रेंच विधि से गन्ने की बुआई करें जिससे उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी हो सके। 

इससे पूर्व मा. मंत्री ने विधिवत पूजा अर्चना के पश्चात फीता काटकर व ढोंगे में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारम्भ किया तथा मिल के द्वार पर आयी प्रथम बैलगाड़ी के बैल की पूजा एवं तौल करने के पश्चात गन्ना कृषक श्रीमती राजवन्ती पत्नी जय नारायन निवासी कोठवलकलाॅ को शाल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर गौरव वर्मा एडवोकेट, कारखाना प्रबन्धक अनिल यादव, संजीव राठी, गन्ना प्रबन्धक जगतार सिंह, वहाजुद्दीन, इब्नेहसन काज़मी, पूर्व प्रमुख मुन्ना सिंह, जिला गन्ना अधिकारी राम किशन सहित अन्य अधिकारी, गन्ना किसान व क्षेत्रीय गणमान्य जन व अन्य लोग मौजूद रहे।

                           

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ