बेसिक शिक्षा विभाग के 52 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर क्रय को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई आयोजित।
अभय प्रताप यादव जिला ब्यूरो।
अक्षय मेल समाचार अमेठी। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए समग्र शिक्षा के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष हेतु स्वीकृत फर्नीचर के क्रय पर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी संजय चौहान ने की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी रामेंद्र कुमार, उपयुक्त उद्योग दिनेश कुमार चौरसिया, तथा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अवगत कराया कि बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित 52 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए कुल 1577 नग फर्नीचर का क्रय जेम (GEM) पोर्टल के माध्यम से किया जाना है। जिलाधिकारी ने क्रय प्रक्रिया की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए तहसीलवार समितियों का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य विद्यालयों में पहुंचकर फर्नीचर के विनिर्देश, मजबूती और गुणवत्ता की भौतिक जांच करेंगे। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि गुणवत्ता जांच के उपरांत प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर ही संबंधित फर्म को भुगतान की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और मानक के अनुरूप ही सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
0 टिप्पणियाँ