दैनिक अक्षय मेल समाचार
रिपोर्ट- शिव प्रसाद मौर्य
सुलतानपुर 14 मई अपर जिलाधिकारी(प्रशा0) हर्ष देव पाण्डेय ने बताया कि शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार वर्तमान में लॉकडाउन के दौरान जनपद में आ रहे प्रवासी श्रमिकों तथा निराश्रित/बेसहारा व्यक्तियों को पात्रता के आधार पर सूखा राशन किट का वितरण कराया जा रहा है। सूखा राशन किट में अन्य खाद्य सामग्रियों के साथ आलू भी दिये जाने का प्राविधान है। उक्त राशन किट की आपूर्ति निविदा के माध्यम से स्वीकृत फर्म के द्वारा की जा रही है।फर्म द्वारा आलू पैकेट्स की सप्लाई एक सप्ताह पहले कर दी गयी एवं राशन किट की सप्लाई एक सप्ताह बाद दी गयी। एक सप्ताह तक आलू पैकेट्स, जो पॉलीथीन बैग में थे, नमी के कारण खराब हो गये। इन खराब आलू पैकेट्स का वितरण नहीं किया गया एवं इनको नियमानुसार विनष्ट करने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया है कि इस संबंध में जांच उपजिलाधिकारी सदर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार जनपद में आपदा राहत मद से कोई भी खराब आलू का वितरण लाभार्थियों को होना नहीं पाया गया है, किन्तु कुछ महिलाओं द्वारा किन परिस्थितियों में विगत दिवस में सड़े/खराब आलू पैकेट्स के साथ प्रदर्शन किया गया था, इसकी विस्तृत जांच भी की जा रही है। आपूर्तिकर्ता फर्म को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री आपूर्ति करने का दायित्व है। अतः खराब आलू पैकेट्स को बदलने के लिये फर्म को निर्देशित किया गया है। संबंधित फर्म को यह भी सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया गया है कि राशन किट एवं आलू पैकेट्स की मात्रा समान हो व आपूर्ति एक साथ हो तथा सम्बन्धित तहसीलदार आने वाली कच्ची खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का सत्यापन सप्लाई प्राप्त होने के समय ही करेंगे।
0 टिप्पणियाँ