युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या, मचा हडकम्प
नीलम ब्यूरो हिन्दी दैनिक अक्षय मेल समाचार पत्र रायबरेली
शिवगढ़ (रायबरेली) शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बहुदा कला गांव के रहने वाले वेद प्रकाश वर्मा उर्फ बाबू (36) की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। जिसकी खबर से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। घटना बाराबंकी जिले के बॉर्डर पर स्थित पूरे देवीदास थाना लोनी कटरा की है। सूचना पर पहुंची लोनी कटरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। विदित हो कि शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बहुदा कला गांव का रहने वाला युवक वेद प्रकाश वर्मा उर्फ बाबू पुत्र संतराम वर्मा एक किसान था। जो शुक्रवार की रात करीब 8 बजे खाना खाने जा रहा तभी उसके किसी का फोन आया और वह तौलिया और बनियान में ही मोटरसाइकिल से घर से निकल पड़ा, जाते वक्त पत्नी से यह बोल कर गया कि हम अभी आ रहे हैं। लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नही परिजनों ने फोन मिलाना शुरू कर दिया। बताते हैं दो बार घंटी गई उसके बाद फोन स्विच ऑफ बताने लगा। जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई और परिजनों ने रात में ही युवक की तलाश शुरू कर दी, किंतु रात में युवक का कहीं पता नही चल सका। सुबह जानकारी मिली कि शिवगढ़ थाना क्षेत्र से जुड़े राजापुर और पूरे देवीदास गांव के मध्य स्थित शिवगढ़ ड्रेन के उस पार बाराबंकी के जनपद के बॉर्डर पर स्थित पूरे देवीदास के रहने वाले रामसागर रावत के खाली खेत में लाश पड़ी है। जिसकी सूचना परिजनों ने आनन-फानन में शिवगढ़ पुलिस को दी, दलबल के साथ मौके पर पहुंचे शिवगढ़ थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने देखा युवक वेद प्रकाश के सर, गर्दन और पीठ पर गोलियों के निशान थे, सर गोलियों से छलनी था। घटना बाराबंकी जिले के थाना लोनी कटरा क्षेत्र की थी इसलिए थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने लोनी कटरा थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची लोनी कटरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पत्नी रोशनी और उसके 11 वर्षीय पुत्र सूरज पटेल का रो-रोकर बुरा हाल पत्नी ने बताया कि शुक्रवार को रात करीब 8 बजे मेरे पति के पास एक फोन आया तभी वो तौलिया और बनियान पहनकर ही मोटरसाइकिल से निकल पड़े और बोले अभी आते हैं। एक घंटे बाद जब नहीं लौटे तो उनके मोबाइल पर फोन किया गया दो घंटी गई उसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। रात भर छानबीन करते रहे कहीं पता नहीं चला सुबह पता चला कि घर से एक किलोमीटर की दूरी पर खेत में उनका शव पड़ा है।
मृतक वेद प्रकाश उर्फ बाबू का शव जहा पड़ा था उससे करीब 100 मीटर की दूरी पर शराब की बोतल व एक गिलास भी पाया गया। वहीं मृतक की मोटरसाइकिल खड़ी मिली। अभी तक हत्या के कारणों पता नही चल पाया है।
प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। जिससे आशंका जताई जा रहे हैं कि कातिलों ने पहले मारपीट की होगी फिर उसके बाद गोली मारकर युवक की हत्या की होगी।
सूचना पर पहुंचे लोनी कटरा थाना प्रभारी नित्यानंद सिंह व क्षेत्राधिकारी उमाशंकर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी उमाशंकर सिंह ने बताया शव पीएम के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा, आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

0 टिप्पणियाँ