दैनिक अक्षय मेल समाचार
अजय कुमार श्रीवास्तव
जनवादी कवि मानबहादुर सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर आज दिनाँक 21अक्टूबर 2019 को के.एन.आई.पी.एस.एस. सुलतानपुर में साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन हुआ।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रोफेसर अनिल सिंह हिंदी विभाग, साकेत महाविद्यालय फैज़ाबाद थे।कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ लेखक श्री कमल नयन पाण्डेय ने की।डॉ अनिल सिंह ने कहा कि मानबहादुर सिंह आधुनिक हिंदी कविता के इकलौते आँचलिक कवि हैं।उन्होंने जनता के बीच रहते हुए जनता की आवाज को महसूस किया और कविता में प्रस्तुत किया।आपने 'मां जानती है' कविता संग्रह को केंद्र में रखकर उनके कवि रूप को स्पष्ट किया।के.एन.आई. के प्राचार्य राधेश्याम सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि जिन विषयों पर मानबहादुर सिंह ने कविता लिखी है उन विषयों पर लिखने वाले वे इकलौते कवि हैं।मानबहादुर सिंह जैसे 'सरपत' 'सुर्ती'आदि रचनाएं इसका उदाहरण हैं।अध्यक्ष कमल नयन पाण्डेय ने मानबहादुर सिंह के कविता के बहाने किसी काव्य को समझने के लिए आवश्यक बिंदुओं को उदघाटित किया और कहा कि मानबहादुर सिंह पहले कविता को जीते थे फिर लिखते थे।कार्यक्रम का संयोजन रेनू सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ अनुराग पाण्डेय ने किया।उक्त कार्यक्रम में संजय विक्रम सिंह,राधेश्याम वर्मा, विवेक विक्रम सिंह,सौरभ मिश्र,अजय तिवारी, सत्यभान सिंह(प्रदेश सचिव DYFI),शशांक पांडेय एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा प्राध्यापक मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ